रायपुर/महासमुंद। प्रदेश में खरीफ सीजन के दौरान खाद की मांग बढ़ने के बीच कृषि विभाग ने रायपुर और महासमुंद जिलों में कालाबाजारी व अवैध भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में रायपुर जिले के आरंग विकासखंड के ग्राम समोदा स्थित एक कृषि सेवा केंद्र से 60.15 टन उर्वरक जब्त किया गया।
जांच में सामने आया कि संचालक के पास एक दुकान और एक गोदाम का ही लाइसेंस था, लेकिन वह दो अतिरिक्त किराए के गोदामों में डीएपी, एनपीके, सुपर फास्फेट सहित विभिन्न प्रकार के उर्वरकों का अवैध भंडारण कर रहा था। कार्रवाई के दौरान डीएपी, एनपीके, एसएसपी और अन्य उर्वरकों का बड़ा स्टॉक जब्त किया गया।
इसी क्रम में महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड के ग्राम घोयनाबाहरा स्थित वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज में भी कृषि विभाग ने छापेमारी की। यहां उड़ीसा के बरगढ़ जिले की प्रिंटिंग वाली पीआरओएम उर्वरक की 11 बोरियां, करीब 550 किलोग्राम, जब्त की गईं।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों की जरूरत का लाभ उठाकर खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।