उम्रदराज कैटरिंग वाले को कॉलेज की लड़की से प्‍यार, OTT पर हिंदी में वो मलयालम फ‍िल्‍म जिसने कमाया 1209% प्रॉफिट

Updated on 27-09-2026
कहते हैं कि प्‍यार में उम्र, जाति, समुदाय, धर्म, ये सब कुछ मायने नहीं रखता। लेकिन क्‍या सच में ऐसा होता है? मलयालम सिनेमा में इस साल की सबसे बड़ी ब्‍लॉकबस्‍टर फिल्‍म 'बेथलहम कुडुम्बा यूनिट' इसी मुद्दे पर है। एक 30 की उम्र पार कर चुके कैटर‍िंग सर्विस चलाने वाले को कॉलेज की लड़की से प्‍यार हो जाता है। दोनों गुपचुप तरीके से मिलते हैं, लेकिन फिर समाज और परिवार का दबाव दोनों को दूर कर देता है। लड़की दूर देश चली जाती है। लेकिन यह कहानी यहीं खत्‍म नहीं होती। निविन पॉली और मम‍िता बैजू स्‍टारर यह फिल्‍म बीते महीने अगस्‍त में सिनेमाघरों में रिलीज हुई। दुनियाभर में 300 करोड़ से अध‍िक की कमाई कर चुकी है। अपने बजट की तुलना में 1209% का मुनाफा कमा चुकी है और अब OTT पर रिलीज होने वाली है। वो भी हिंदी डब वर्जन के साथ।

'बेथलहम कुडुम्बा यूनिट' महज ₹25 करोड़ के बजट में बनी है। यह फिल्‍म अभी भी सिनेमाघरों में है और 37 दिनों में वर्ल्‍डवाइड ₹327.27 करोड़ का ग्रॉस कलेक्‍शन कर चुकी है। देश में इसने ₹162.16 करोड़ की नेट कमाई की है। यही नहीं, अकेले केरल में फिल्‍म में करीब ₹150 करोड़ का बिजनस किया है। यह साल 2026 की सबसे बड़ी मलयालम ब्‍लॉकबस्‍टर बन चुकी है।

'बेथलहम कुडुम्बा यूनिट' की कहानी

फिल्‍म की कहानी के केंद्र में एशले (ममिता बैजू) है, जो एक कॉलेज स्‍टूडेंट है। वह अपने परिवार के साथ एर्नाकुलम के एक नए कॉलोनी में रहने आती है। शुरुआत में वह उदास महसूस करती है और अपनी पुरानी जिंदगी को छोड़ने में हिचकिचाहट महसूस करती है। उसके नए घर के सामने जस्टिन (निविन पॉली) रहता है, जो 30 के दशक के आखिर में है और एक इलाके का पॉपुलर कुंवारा लड़का है। वह कैटरिंग सर्विस चलाता है और अपने छोटे भाई जोएल के लिए शॉर्ट फ‍िल्‍में बनाता है।

दोस्‍ती, प्‍यार, उम्र का अंतर और ब्रेकअप

कुछ ही दिनों में एशले को जस्टिन से लगाव हो जाता है। उम्र में काफी अंतर होने के बावजूद, दोनों स्थानीय समुदाय और परिवार की नजरों से बचकर गुपचुप तरीके से प्‍यार करने लगते हैं। लेकिन एशले को अपने परिवार, खासकर अपनी मां से विरोध का सामना करना पड़ता है। परिवार के दबाव, उम्र के अंतर और जस्टिन की अपनी उलझन के कारण उनका रिश्ता टूट जाता है। जस्टिन एशले से कहता है कि वह अपनी मां की बात मानकर विदेश चली जाए और परिवार की मदद करे। वह यह भी मान लेता है कि हो सकता है उसे अपना भविष्य खुद चुनना पड़े, भले ही इसके लिए उसे एशले को खोना पड़े।

बरसों बाद फिर जाग उठी प्‍यार की वही लहर

बरसों बाद एशले विदेश से लौटने के बाद केरल में है। पड़ोस में जोएल और सयूझ्या की शादी हो रही है। एशले और जस्टिन फिर से मिलते हैं, जिससे उनके प्‍यार की दबी हुई भावनाएं फिर से जगती हैं। बेथलहम कुडुम्बा यूनिट के दोस्तों के बीच एशले स्‍वीकार करती है कि वह अभी भी ब्रेकअप से दुखी है और आगे नहीं बढ़ पाई है। तब जस्टिन के दोस्त और परिवार वाले बताते हैं कि वह भी आगे नहीं बढ़ पाया है। यही नहीं, जब से एशले ने उसे शराब न पीने के लिए कहा था, तब से उसने शराब को हाथ भी नहीं लगाया है। अब कहानी में आगे क्‍या होता है, दोनों का प्‍यार मुकाम तक पहुंच पाता है या नहीं, यह सब आपको फिल्‍म देखकर भी पता चलेगा।

'बेथलहम कुडुम्बा यूनिट' OTT र‍िलीज: कब और कहां देखें

'बेथलहम कुडुम्बा यूनिट' एक फील-गुड रोमांटिक कॉमेडी फ‍िल्म है, जिसका डायरेक्‍शन गिरीश एडी ने किया है। यह फिल्‍म आगामी 2 अक्टूबर 2026 से OTT प्‍लेटफॉर्म JioHotstar पर स्ट्रीम होगी।

'बेथलहम कुडुम्बा यूनिट' की कास्‍ट

फिल्‍म का जस्टिन का किरदारनिविन पॉली ने निभाया है, जबकि एशले के रोल में ममिता बैजू हैं। उनके साथ दिलीप पोथन, संगीत प्रताप, सुरेश कृष्णा, विनय फोर्ट और रोशन शनावास भी अहम भूमिकाओं में हैं। स्‍क्रीनप्‍ले गिरीश ए.डी. और किरण जोसी ने लिखी है, जबकि संगीत विष्णु विजय ने दिया है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें