मुख्यमंत्री साय ने मत्स्य पालकों को वितरित किए आइस बॉक्स, योजनाओं का अधिक लाभ लेने किया प्रेरित

Updated on 18-06-2026

सूरजपुर। नगर पंचायत शिवनंदनपुर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर विकास एवं जनकल्याण प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में मत्स्य विभाग द्वारा संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं के अंतर्गत मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लाभार्थियों को आइस बॉक्स प्रदान किए गए।

इस अवसर पर कुंजनगर की मछुआरा सहकारी समिति के सदस्य भारती केवट एवं तपेश्वरी राजवाड़े को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा विभागीय मंत्री रामविचार नेताम के करकमलों से आइस बॉक्स प्रदान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार मत्स्य पालकों एवं मछुआरा समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मत्स्य व्यवसाय को बढ़ावा देकर हितग्राहियों की आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा रही है।

विभागीय मंत्री  रामविचार नेताम ने लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सरकार मत्स्य क्षेत्र के विकास और मछुआरा समुदाय के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आइस बॉक्स वितरण से मत्स्य उत्पादों के सुरक्षित भंडारण एवं परिवहन में सुविधा मिलेगी। इससे मछलियों की गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहेगी तथा हितग्राहियों को बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त होगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।

आइस बॉक्स प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री एवं विभागीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा उनके व्यवसाय को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगी।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें