आज भी कैंसर से जूझ रहे रोमन रेंस, गंभीर बीमारी पर दिया बड़ा अपडेट, बोले - बहुत संभलकर रहना पड़ता है
Updated on
07-10-2026
नई दिल्ली: WWE रिंग में अपना एकतरफा राज करने वाले ट्राइबल चीफ और मौजूदा हैवीवेट चैंपियन रोमन रेंस का स्टारडम आज जिस ऊंचाई पर है, उसे देखकर अक्सर लोग भूल जाते हैं कि यह खिलाड़ी निजी जिंदगी में एक गंभीर और जानलेवा बीमारी से लगातार लड़ रहा है। रोमन रेंस सालों से क्रोनिक मायलोजीनस ल्यूकेमिया (CML) नाम के ब्लड कैंसर से जंग लड़ रहे हैं। हाल ही में मेन्स हेल्थ मैगजीन को दिए एक इंटरव्यू में रोमन रेंस ने अपनी बीमारी की मौजूदा स्थिति को लेकर बेहद चौंकाने वाला और भावुक खुलासा किया है।अभी भी कैंसर से लड़ रहे रोमन रेंस
WWE में कम मैच खेलने और सीमित शेड्यूल को लेकर कई बार फैंस उनकी आलोचना करते हैं। लेकिन रेंस ने साफ किया कि उन्हें अपनी सेहत को प्राथमिकता देनी पड़ती है। अपनी मेडिकल स्थिति के बारे में बात करते हुए रोमन रेंस ने कहा, 'मेरी मेडिकल हिस्ट्री को देखते हुए मुझे बहुत ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। सच कहूं तो मैं आज भी सीएमएल (कैंसर) से लड़ाई लड़ रहा हूं। फिलहाल मेरी बीमारी कंट्रोल में है और बेसलाइन से नीचे है, लेकिन पूरी तरह से मॉलिक्यूलर रेमिशन (कैंसर मुक्त होने की स्थिति) में आने के लिए इसका स्तर लगभग शून्य होना चाहिए। लेकिन मेरे शरीर में आज भी कैंसर के बहुत बारीक अंश जैसे 0.031 बचे हुए हैं। यह छोटे आंकड़े भी बहुत मायने रखते हैं, इसलिए मुझे बहुत समझदारी और सावधानी से काम लेना पड़ता है।'गंभीर बीमारी के बावजूद रिंग में बरकरार है बादशाहत
रेंस को अपनी सेहत बनाए रखने के लिए रोजाना कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद उन्होंने जिस तरह WWE में वापसी करके अपने ट्राइबल चीफ कैरेक्टर को इतिहास के सबसे महान किरदारों में से एक बनाया, वह वाकई काबिले तारीफ है।
फिलहाल रोमन रेंस पूरी तरह से फिट नजर आ रहे हैं और हैवीवेट चैंपियन के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। लेकिन उनकी यह स्वीकारोक्ति दर्शाती है कि पर्दे के पीछे वे हर दिन कितनी बड़ी लड़ाई लड़ते हैं। फैंस और WWE मैनेजमेंट उनके इस साहस की जमकर सराहना कर रहे हैं। फैंस भी उनके दमदार मुकाबले देखने के लिए बेताब नजर आ रहे हैं।
अन्य महत्वपुर्ण खबरें