फ्लाईदुबई फ्लाइट के हीरो कैप्टन स्मित मच्छार से मिले UAE के राष्ट्रपति, लगाया गले, दिया 'ऑर्डर ऑफ जायद II' सम्मान

Updated on 28-10-2026
अबू धाबी: संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने फ्लाईदुबई फ्लाइट के हीरो पायलट स्मित मच्छार से मुलाकात की है। कैप्टन स्मित मच्छार अब अस्पताल से ठीक होकर बाहर आ गये हैं और मुलाकात के वक्त यूएई के राष्ट्रपति ने उन्हें गले से लगा लिया। अबू धाबी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार को 'ऑर्डर ऑफ जायद II' से सम्मानित किया गया। कैप्टन स्मित मच्छार को ये सम्मान अपनी जान पर खेलकर फ्लाइट के यात्रियों की जान बचाने के लिए दिया गया है।

आपको बता दें कि पिछले महीने 30 सितंबर को फ्लाईदुबई फ्लाइट को जब कैप्टन स्मित मच्छार यूएई से इजरायल ले जा रहे थे उस वक्त फ्लाइट को हाईजैक करने की कोशिश उनके को-पायलट ने की थी जो एक ओमानी नागरिक था। इस दौरान कैप्टन स्मित मच्छार पर कॉकपिट में रखे जाने वाले इमरजेंसी कुल्हाड़ी से हमला किया गया था। फिर भी उन्होंने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया जिसके बाद फ्लाइट के पैसेंजर्स ने उस ओमानी पायलट को पकड़ा और फ्लाइट को क्रैश होने से बचाया।

कैप्टन स्मित मच्छार को 'ऑर्डर ऑफ जायद II' सम्मान

कैप्टन स्मित मच्छार को ये सम्मान दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने दिया है। वहीं विमान को अपहरण करने की इस घटना को लेकर यूएई के प्रॉसीक्यूटर्स ने जांच के बाद पूरे मामले को 'आतंकी हमला' करार दिया है। उन्होंने कहा है कि आरोपी को-पायलट का मकसद फ्लाइट को इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट से टकराना और एक बड़े आतंकी वारदात को अंजाम देना था।

फ्लाईदुबई के हीरो कैप्टन स्मित मच्छार और बाकी क्रू मेंबर्स को ये सम्मान दुबई के क्राउन प्रिंस, उप प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और दुबई की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने एक कार्यक्रम के दौरान दिए हैं। इस दौरान यूएई के नेताओं ने क्रू मेंबर्स की बहादुरी की सराहना की।

भारतीय नागरिक हैं कैप्टन स्मित मच्छार

आपको बता दें कि कैप्टन स्मित मच्छार एक भारतीय नागरिक हैं जिनके ऊपर फ्लाईदुबई फ्लाइट के अंदर कॉकपिट में खतरनाक हमला किया गया था। गंभीर घायल होने के बावजूद उन्होंने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया था और एक बड़े आतंकी हमले को रोका था। इस हमले में वो गंभीर रूप से घायल हो गये थे और उन्हें पहले सऊदी अरब के तबुक स्थित एक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया था। वहीं बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें अबू धाबी ट्रांसफर कर दिया गया था।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें