Gen-Z सहेलियों ने TikTok पर शुरू की अचार की बातें, आइडिया बना बिजनेस; अब 81 करोड़ रुपये की कंपनी

Updated on 02-10-2026
नई दिल्ली: दो दोस्तों की अचार को लेकर शुरू हुई बातचीत ने ऐसा बिजनेस आइडिया दिया, जिसकी आज वैल्यू करीब 81 करोड़ रुपये है। अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ साउदर्न कैलिफोर्निया (USC) से पढ़ाई करने वाली लीह मार्कस (Leah Marcus) और यासामन बख्तियार (Yasaman Bakhtiar) ने टिकटॉक पर अचार से जुड़े वीडियो शेयर करने से शुरुआत की और बाद में इसी दिलचस्पी को फूड बिजनेस में बदल दिया।

दोनों ने साल 2022 में यूएससी से ग्रेजुएशन किया था। साल 2023 में TikTok पर अचार से जुड़े वीडियो शेयर करते हुए उनके बीच यह विचार आया कि क्यों न अचार की कैटेगरी में अपना कोई प्रोडक्ट बनाया जाए। इसी सोच के साथ दोनों ने अपनी नौकरियां छोड़कर फूड ब्रांड बनाने पर काम शुरू किया।

2024 में लॉन्च किया हॉट गर्ल पिकल्स

लीह मार्कस और यासामन बख्तियार ने अपनी कंपनी गुड गर्ल स्नैक्स शुरू की। फरवरी 2024 में कंपनी ने अपना पहला प्रोडक्ट Hot Girl Pickles* लॉन्च किया। शुरुआत में इसे सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए कंपनी ने अपनी वेबसाइट के जरिए बिक्री शुरू की।

डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर मॉडल के जरिए दोनों फाउंडर्स को यह समझने का मौका मिला कि ग्राहक प्रोडक्ट को किस तरह पसंद कर रहे हैं। इसके बाद कंपनी ने धीरे-धीरे रिटेल मार्केट में कदम बढ़ाया।

सोशल मीडिया से लिया ब्रांड का आइडिया

Good Girl Snacks की ब्रांडिंग में सोशल मीडिया कल्चर की भी झलक दिखाई देती है। उस समय सोशल मीडिया पर 'हॉट गर्ल वॉक' और 'गर्ल डिनर' जैसे शब्द काफी लोकप्रिय थे। फाउंडर्स ने इसी तरह की भाषा और ट्रेंड को अपने ब्रांड और प्रोडक्ट के नाम में इस्तेमाल किया। कंपनी का लक्ष्य अचार की पारंपरिक कैटेगरी को नए फ्लेवर और पैकेजिंग के जरिए युवा ग्राहकों के लिए आकर्षक बनाना था।

दोस्तों और LinkedIn से मिली मदद

फूड बिजनेस शुरू करने के बाद दोनों फाउंडर्स को प्रोडक्ट के अलावा फंडिंग, लॉजिस्टिक्स और ऑपरेशंस जैसे क्षेत्रों को भी समझना पड़ा। इसके लिए उन्होंने अपने USC के पूर्व सहपाठियों से सलाह ली, जिन्होंने Sauz नाम से पास्ता सॉस स्टार्टअप शुरू किया था। इसके अलावा दोनों ने LinkedIn के जरिए फूड इंडस्ट्री से जुड़े लोगों से संपर्क किया। शुरुआत में कंपनी के लिए दोस्तों और परिवार से भी फंड जुटाया गया था।

बड़े रिटेल स्टोर्स में एंट्री

ऑनलाइन बिक्री के बाद गुड गर्ल स्नैक्स ने बड़े रिटेल स्टोर्स में एंट्री की कोशिश शुरू की। कंपनी ने Erewhon और Whole Foods में अपने हॉट गर्ल पिकल्स बेचने के लिए आवेदन किया। साल 2025 में दोनों रिटेलर्स ने कंपनी के आवेदन मंजूर कर लिए। इसके बाद Hot Girl Pickles की पहुंच काफी बढ़ गई। अब कंपनी अपने प्रोडक्ट ऑनलाइन के अलावा Whole Foods Market और Erewhon जैसे स्टोर्स के जरिए भी बेचती है।

अंतरराष्ट्रीय स्वादों का तड़का

मार्कस और बख्तियार ने अपने ब्रांड में अपनी सांस्कृतिक जड़ों को भी शामिल किया है। उनके पारिवारिक पृष्ठभूमि में फारसी, मिस्र और ट्यूनीशियाई प्रभाव हैं, जिन्हें उन्होंने अपने अचार के फ्लेवर्स में मिलाया है। इस तरह ब्रांड ने सोशल मीडिया आधारित मॉडर्न पहचान के साथ अलग-अलग सांस्कृतिक स्वादों को भी अपने प्रोडक्ट्स में शामिल किया।

8.5 मिलियन डॉलर पहुंची कंपनी की वैल्यूएशन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुड गर्ल स्नैक्स की हालिया वैल्यूएशन 8.5 मिलियन डॉलर यानी करीब 82 करोड़ रुपये है। कंपनी ने हाल ही में 3 मिलियन डॉलर की सीड फंडिंग भी जुटाई है।

दोनों फाउंडर्स की यात्रा टिकटॉक पर अचार के वीडियो शेयर करने से शुरू हुई और कुछ ही समय में एक ऐसे फूड स्टार्टअप तक पहुंच गई, जिसने ऑनलाइन बिक्री, रिटेल विस्तार और बाहरी फंडिंग के जरिए अपना कारोबार खड़ा किया।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें