भारतीय कुश्ती के लिए ऐतिहासिक दिन, चंद घंटों में दो रेसलर्स फाइनल में, पहली बार गोल्ड जीतने का मौका
Updated on
28-10-2026
अस्ताना: भारतीय महिला कुश्ती खिलाड़ियों ने विश्व चैंपियनशिप में नया इतिहास रच दिया है। अभी तक टूर्नामेंट के इतिहास में सिर्फ एक ही भारतीय महिला ने फाइनल में जगह बनाई थी। अब एक ही दिन में दो युवा भारतीय खिलाड़ियों ने फाइनल में जगह पक्की कर ली है। काजल ढोचक ने 76 तो नीलम सिरोही 50 किलोग्राम के इवेंट में गोल्ड के लिए दावेदारी पेश करेंगी। 26 साल की नीलम ने 50 किग्रा वर्ग में कजाखस्तान की जेनेप बायानोवा को 7-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब उनका सामना जापान की दिग्गज पहलवान यूई सुसाकी से होगा। पूर्व ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट सुसाकी के वर्ल्ड चैंपियनशिप में चार गोल्ड हैं।काजल का फाइनल यूरोपियन चैंपियन से
नीलम सिरोही विश्व चैंपियनशिप के खिताबी मुकाबले में पहुंचने वाली भारत की दूसरी महिला पहलवान बन गईं। इसके बाद 18 साल काजल ने भी यह उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने 76 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में किर्गिस्तान की अनुभवी पहलवान आइपेरी मेडेट काइजी को 10-7 से हराकर शानदार वापसी की। इसके साथ ही वह खिताबी मुकाबले में पहुंचने वाली भारत की तीसरी पहलवान बन गईं। हरियाणा के सोनीपत जिले के लाठ गांव की रहने वाली काजल का फाइनल में सामना यूक्रेन की यूरोपीय चैंपियन अनास्तासिया अल्पयेयेवा से होगा।महिला इवेंट में पहले गोल्ड का इंतजार
इससे पहले विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली एकमात्र भारतीय महिला पहलवान अंशु मलिक थीं जिन्होंने 2021 में सिल्वर जीता था। काजल और नीलम दोनों के पास ही गोल्ड जीतने का मौका है। इससे देश का कुश्ती विश्व चैंपियनशिप की महिला इवेंट में गोल्ड का इंतजार खत्म हो जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि नीलम और काजल दोनों ही एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने में नाकाम रही थीं। उन्हें अंतिम ट्रायल मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था।मथुरा की रहने वाली नीलम नजफगढ़ स्टेडियम में भारतीय महिला कुश्ती टीम के मुख्य कोच वीरेंद्र दहिया और प्रवेश राठी के मार्गदर्शन में अभ्यास करती हैं। नीलम कुश्ती से जुड़े परिवार से आती हैं। उनके दोनों चाचा, बहन और दादा भी कुश्ती से जुड़े रहे हैं।रजनीता भी मेडल की रेस में बरकरार
महिला 65 किग्रा वर्ग में रजनीता ने क्वालीफिकेशन मुकाबले में 2024 विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता यूक्रेन की कैटरीना जेलेनिख को 8-6 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। हालांकि इसके बाद प्री क्वार्टर फाइनल में उन्हें मोल्दोवा की इरिना रिंगाची के खिलाफ तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हार का सामना करना पड़ा। रजनीता अब भी पदक की दौड़ में बनी हुई हैं। रेपेचेज मुकाबले में उनका सामना जापान की नाना इकेहाता से होगा।
महिला 57 किग्रा वर्ग में नेहा शर्मा ने अल्जीरिया की अचौआक जमिला टेकुक को कड़े मुकाबले में 4-2 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अगले दौर में उन्हें बेलारूस की इरीना कुराचकिना के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा और वह प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।
अन्य महत्वपुर्ण खबरें