जापान में कांपी धरती, 7.1 तीव्रता से आए भूकंप के जोरदार झटकों के बाद सुनामी की चेतावनी

Updated on 28-07-2026
टोक्यो: जापान में 7.1 की तीव्रता से भूकंप के झटके महसूस किए गये हैं जिसके बाद सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया गया है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया है कि मंगलवार को दक्षिण-पश्चिमी जापान के कुमामोटो प्रांत में 7.1 तीव्रता का भूकंप आया। मौसम एजेंसी के अनुसार यह भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम करीब 4:27 बजे लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर आया है। प्रांत के सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में जापान के भूकंप की तीव्रता मापने वाले पैमाने पर इसकी अधिकतम तीव्रता 7 दर्ज की गई है।

दक्षिण-पश्चिमी जापान में एरियाके सागर और यात्सुशिरो सागर के लिए एक मीटर ऊंची सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार इसका केंद्र कुमामोटो के तटीय शहर उकी के पास था। यह भूकंप जमीन से सिर्फ 10 किलोमीटर की उथली गहराई पर था। उथला होने के कारण इसके झटके बेहद तेज महसूस किए गए हैं। फिलहाल नुकसान की जानकारी नहीं मिल पाई है।

जापान में भूकंप के तेज झटकों के बाद सुनामी की चेतावनी

भूकंप के तुरंत बाद जापानी प्रशासन ने तटीय इलाकों के लिए 1 मीटर ऊंची सुनामी लहरें उठने की चेतावनी जारी कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिणी जापान के कुमामोटो, नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाज़ाकी प्रांतों के लिए आपातकालीन अलर्ट जारी किए गए हैं। तटीय इलाकों और नदियों के पास रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। क्षेत्र के प्रमुख परमाणु बिजलीघरों जैसे सेंडाई और जेनकाई न्यूक्लियर पावर स्टेशन से फिलहाल किसी भी तरह की गड़बड़ी या खतरे की खबर नहीं है।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें