'भारत हमारा सबसे भरोसेमंद दोस्त', UNGA में गूंजी भारत-भूटान दोस्ती, शेरिंग टोबगे ने की मोदी की जमकर तारीफ
Updated on
23-09-2026
न्यूयॉर्क: संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के मंच से भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे ने भारत के साथ अपनी अटूट दोस्ती को एक बार फिर दुनिया के सामने रखा है। पीएम टोबगे ने भारत को भूटान का 'सबसे भरोसेमंद दोस्त' बताते हुए कहा कि देश की महत्वाकांक्षी योजना 'गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी' (GMC) को आकार देने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और असम सरकार का ऐतिहासिक सहयोग मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भूटान का यह बयान भारत-भूटान के मजबूत रणनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों को दिखाता है।उन्होंने कहा 'गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी के लोकेशन को देखिए। ये भारतीय सीमा के बिल्कुल पास है जो हमारा सबसे करीबी दोस्त और पड़ोसी है। इस प्रोजेक्ट को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत सरकार का समर्थन हासिल है। इस प्रोजेक्ट को हमारे भारत के पड़ोसी राज्य असम का भी सहयोग हासिल है। भारत दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला और दुनिया में सबसे ज्यादा ग्रोथ रेट के साथ बढ़ने वाला देश है। GMC दक्षिण एशिया और पूर्वी एशिया में जाने का गेटवे है।'भूटान के प्रधानमंत्री ने यूएन में की भारत की तारीफ
भूटान के प्रधानमंत्री ने आगे कहा 'GMC एक विशालकाय अर्थव्यवस्था को जोड़ता है।' उन्होंने आगे कहा 'भूटान एक और फायदा लेकर आता है जो कोई और लेकर नहीं आता। वो है विश्वास। ये वो चीज है जिसे खरीदा नहीं जा सकता। विश्वास का रिश्ता, राजनीतिक स्थिरता, कानून के शासन और हमारी प्रतिबद्धताओं के सम्मान से बनता है। और जो निवेशक लंबे समय के लिए निवेश करना चाहते हैं उन्हें सबसे पहले विश्वास बहाली में निवेश करना चाहिए।'
'गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी' प्रोजेक्ट क्या है?
प्रधानमंत्री टोबगे ने जिस गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी (GMC) के बारे में बताया है वो भूटान के लिए काफी ज्यादा महत्वपूर्ण है। 2500 वर्ग किलोमीटर का यह स्वायत्त विशेष प्रशासनिक क्षेत्र असम के साथ भूटान की दक्षिणी सीमा पर स्थित है। इस क्षेत्र को टिकाऊ वेलनेस और ग्रीन-टेक हब बनाने के लिए भारत का सहयोग खासकर सीमा-पार रेलवे लिंक और बिजली कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना और भारतीय हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अनुमति देना बहुत महत्वपूर्ण है। भारत ने इस प्रोजेक्ट के लिए पिछले दिनों भूटान को 4 हजार करोड़ का क्रेडिट लाइन दिया है।
अन्य महत्वपुर्ण खबरें