'इजरायली प्लंबर ने प्लेन को क्रैश होने से बचाया, ट्रंप ने फ्लाईदुबई के पैसेंजर की जमकर की तारीफ, नेतन्याहू बोले- 9/11 जैसे हमले का प्लान

Updated on 01-10-2026
वॉशिंगटन/तेल अवीव: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई में हुई घटना के बारे में अनोखी जानकारी दी है। ट्रंप ने कहा कि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से उन्हें जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार एक इजरायली प्लंबर ने विमान को क्रैश होने से बचाया था। ट्रंप ने बताया कि उन्होंने नेतन्याहू से काफी देर तक बात की। वहीं, प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने एक अलग बयान में फ्लाइट के भारतीय पायलट स्मित मच्छार की तारीफ की और कहा कि उन्होंने 9/11 जैसी बड़ी तबाही को रोक लिया। नेतन्याहू ने भारतीय पायलट को सच्चा नायक बताया।

ट्रंप ने ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, मुझे लगता है कि यह एक अविश्वसनीय कहानी है। मैंने इस घटना के बारे में नेतन्याहू से विस्तार से बात की थी। ट्रंप ने कहा कि उन्हें जो जानकारी मिली उससे पता चलता है कि को-पायलट शायद कोई आतंकवादी या सनकी व्यक्ति था और उसने पायलट को चाकू मार दिया।

भारतीय कैप्टन को बताया हीरो

ट्रंप ने घायल भारतीय कैप्टन स्मित की तारीफ करते हुए हीरो बताया कहा कि चाकू लगने के बाद उनकी हालत बहुत खराब थी। इसके बावजूद वह कॉकपिट का मजबूत करने में कामयाब रहे, जिसे दूसरे लोग अंदर आ सकें। ट्रंप ने कहा, एक तरह से वह हीरो थे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि कॉकपिट के दरवाजे ऐसे बनाए जाते हैं कि उन्हें बाहर से नहीं खोला जा सकता।

इजरायली यात्री की जमकर तारीफ

इसके बाद ट्रंप ने कॉकपिट में घुसकर हमलावर को-पायलट को काबू करने वाले इजरायली यात्री की तारीफ की। ट्रंप ने कहा, एक इजरायली प्लंबर ने देखा कि क्या हो रहा था। आप जानते ही हैं, जब आप दिन भर पाइप उठाते हैं तो आप मजबूत हो जाते हैं। वे इजरायली नागरिक यानीव हायुन की बात कर रहे थे। ट्रंप ने कहा कि जब यात्री ने कॉकपिट के अंदर से चीखें सुनीं।
ट्रंप ने कहा कि विमान बहुत तेजी से नीचे जा रहा है। इसके बाद इजरायली यात्री ने को-पायलट से मुकाबला किया और उस व्यक्ति को सीट से खींचकर पीछे फेंक दिया। इसके बाद अन्य यात्रियों ने उस व्यक्ति को पकड़ लिया और काबू किया। ट्रंप ने इसके बाद कहानी का वह हिस्सा सुनाया जिसने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित किया। उन्होंने कहा, कभी विमान न उड़ाने के बावजूद उसने कंट्रोल स्टिक संभाली, उसे ऊपर खींचा और दुर्घटनाग्रस्त होने से ठीक पहले विमान को सीधा कर लिया।

हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वह उन्हें मिली हुई जानकारी बता रहे थे। ट्रंप ने कहा, यह वह कहानी है जो मैंने सुनी है। मुझे नहीं पता कि यह सच है या नहीं, लेकिन बीबी से मुझे यही कहानी सुनने को मिली। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि यह सबसे अद्भुत कहानी है।

नेतन्याहू ने कहा 9/11 जैसे हमले की योजना

इस बीच इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने CNN से एक इंटरव्यू में कहा कि को-पायलट का इरादा 9/11 हमले जैसी घटना को अंजाम देना था। उन्होंने कहा कि फ्लाइट के भारतीय पायलट ने को-पायलट का मुकाबला किया और 9/11 जैसी बड़ी तबाही को रोक लिया।

नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से इस असाधारण बहादुरी के कारनामे के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि इसने एक ऐसी तबाही को टाल दिया जो न सिर्फ इजरायल के लिए बड़ी मुसीबत होती, बल्कि इसका ग्लोबल एविएशन पर भी असर पड़ता। उन्होंने कहा कि इजरायल को इस घटना के बारे में कोई चेतावनी या खुफिया जानकारी नहीं मिली थी और इसकी जांच चल रही है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें