'इसके लिए हिम्मत चाहिए', यश की Toxic पर फिदा किच्चा सुदीप, तारीफ में पढ़े कसीदे

Updated on 29-08-2026
कन्नड सुपरस्टार किच्चा सुदीप ने यश की हालिया रिलीज फिल्म 'टॉक्सिक' का खुलकर सपोर्ट किया है। फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों के एक वर्ग से मिली-जुली से लेकर नेगिटिव प्रतिक्रिया मिल रही है, लेकिन सुदीप का मानना है कि यश ने अपनी पिछली बड़ी कमर्शियल सफलता के बाद कुछ नया और अलग करने की हिम्मत दिखाई है।

यश की लीड रोल और गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी 'टॉक्सिक' बुधवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म की रिलीज से पहले काफी उम्मीदें थीं, लेकिन रिलीज के बाद दर्शकों की राय बंटी हुई नजर आई। सोशल मीडिया पर फिल्म की कहानी और क्रिएटिव चॉइस को लेकर लगातार चर्चा हो रही है।

यश की 'टॉक्सिक' में दिखा अलग अंदाज

कथित तौर पर करीब 500 करोड़ रुपये के बजट से बनी 'टॉक्सिक' यश की पिछली फिल्मों से अलग अंदाज वाली फिल्म के तौर पर सामने आई है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ये फिल्म एक डार्क एक्शन-ड्रामा है, जिसमें यश का किरदार एक अलग और इंटेंस अवतार में नजर आता है। फिल्म की कहानी, विजुअल स्टाइल और एक्शन को पारंपरिक कमर्शियल सिनेमा से अलग दिखाने की कोशिश की गई है। यही वजह है कि रिलीज के बाद 'टॉक्सिक' को लेकर दर्शकों और क्रिटिक्स के बीच अलग-अलग तरह की राय देखने को मिल रही है।

किच्चा सुदीप ने यश की 'टॉक्सिक' का किया स्पोर्ट

रिलीज के बाद किच्चा सुदीप ने x पर यश की तारीफ करते हुए कहा कि बड़ी कमर्शियल ब्लॉकबस्टर देने के बाद यश उसी तरह की फॉर्मूला फिल्म बना सकते थे, लेकिन उन्होंने कुछ अलग करने का रास्ता चुना। उन्होंने लिखा, '@TheNameIsYash, मैं बस इतना कहना चाहता हूं — आपने अपनी पिछली कमर्शियल ब्लॉकबस्टर के बाद एक और आम, उम्मीद के मुताबिक और फॉर्मूले वाली फिल्म बनाने का आसान रास्ता चुनने के बजाय, सच में कुछ हटकर करने की कोशिश की है।'

किच्चा सुदीप बोले- 'इस तरह की फिल्म बनाने के लिए चाहिए हिम्मत'

सुदीप ने फिल्म के लिए यश की अलग सोच और उनके फैसले की तारीफ करते हुए कहा कि इस तरह की फिल्म बनाने के लिए हिम्मत की जरूरत होती है। उन्होंने कहा, 'इसके लिए एक अलग सोच, पक्का इरादा और सबसे जरूरी बात, ऐसा कुछ करने की हिम्मत चाहिए।' किच्चा सुदीप ने 'टॉक्सिक' को 'एक अनोखी और तारीफ के काबिल कोशिश' भी बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म के कई हिस्सों ने उन्हें काफी उत्सुक किया और उन्हें लगता है कि ऐसी कोशिशों से आगे बड़ी बहस, चर्चा और कुछ नया सीखने का मौका मिल सकता है। सुदीप ने अपनी पोस्ट के अंत में यश के लीक से हटकर काम करने के फैसले की तारीफ की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। सुदीप ने लिखा, 'कुछ नया करने और लीक से हटकर काम करने की हिम्मत दिखाने के लिए आपको बधाई। मेरे दोस्त, तुम्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।'

पहले दो दिनों में 'टॉक्सिक' की ग्रॉस कलेक्शन 197.70 करोड़ रुपये

गीतू मोहनदास की निर्देशित 'टॉक्सिक' को रिलीज के बाद मिली-जुली से लेकर नकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिली हैं। कुछ दर्शकों ने फिल्म के विजुअल्स की तारीफ की है, जबकि एक वर्ग ने कहानी और क्रिएटिव चॉइस पर सवाल उठाए हैं। दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया के बावजूद 'टॉक्सिक' ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत की है। सैकनिक की तीसरे दिन की रिपोर्ट के अनुसार, 'टॉक्सिक' ने अब तक भारत में 165.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है और इसका कुल घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 197.70 करोड़ रुपये है। शुरुआती दो दिनों में शानदार कमाई के बाद अब फिल्म के वीकेंड प्रदर्शन पर नजर है। शनिवार और रविवार की कमाई से पता चलेगा कि 'टॉक्सिक' अपनी शुरुआती रफ्तार को कितना बरकरार रख पाती है।

यश की प्रोफेशनल लाइफ के बारे में

यश कन्नड़ सिनेमा के बड़े सितारों में गिने जाते हैं और 'केजीएफ' फ्रेंचाइज़ी के जरिए उन्होंने देशभर में अपनी खास पहचान बनाई। उनका असली नाम नवीन कुमार गौड़ा है और उनका जन्म 8 जनवरी 1986 को हुआ था। 40 साल के यश ने 'केजीएफ: चैप्टर 1' और 'केजीएफ: चैप्टर 2' जैसी फिल्मों से पैन-इंडिया स्टारडम हासिल किया। अब 'टॉक्सिक' के जरिए वह एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आ रहे हैं, हालांकि इस बार उन्होंने पारंपरिक कमर्शियल अंदाज से हटकर कुछ अलग करने की कोशिश की है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें