फैन पर भड़का कश्मीरी क्रिकेटर, मैदान के अंदर ही लात-घूंसों से पीटा, वीडियो सामने आने पर मचा बवाल

Updated on 20-10-2026
नई दिल्ली: जम्मू कश्मीर का एक क्रिकेटर मैदान पर ही फैन से भिड़ गया। घटना श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम की है। स्थानीय क्रिकेटर जहांगीर लोन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक दर्शक के साथ हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय क्रिकेट में खिलाड़ियों के व्यवहार और मैदान की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक यह घटना रेड प्रीमियर लीग के एक सेमीफाइनल मुकाबले के बाद हुई। वीडियो में जहांगीर लोन एक दर्शक को धक्का देते और उसे लात-घूसों से मारते नजर आ रहे हैं। आसपास मौजूद लोग दोनों को अलग करने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। हालांकि, विवाद किस बात से शुरू हुआ और मारपीट से पहले क्या हुआ था। इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

सेमीफाइनल खत्म होते ही हुआ विवाद

यह मुकाबला अथवास इंडिया XI और रॉयल गुड विल क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया था। अथवास इंडिया XI ने इस मैच में 3 विकेट से जीत दर्ज की। मैच खत्म होने के बाद मैदान पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और कई लोग मैदान में पहुंच गए। इसी दौरान जहांगीर लोन और सफेद स्वेटशर्ट पहने एक दर्शक के बीच विवाद हुआ। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दोनों के बीच हाथापाई दिखाई देती है। कुछ लोग बीच-बचाव करते हुए भी नजर आते हैं।

क्या दर्शक ने क्रिकेटर को गाली दी थी?

घटना के बाद सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया गया कि दर्शक ने जहांगीर लोन के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद क्रिकेटर अपना आपा खो बैठे। हालांकि, इस दावे की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों के बीच कहासुनी किस बात को लेकर हुई थी। न ही उपलब्ध रिपोर्टों में फैन का पक्ष विस्तार से सामने आया है।

कौन हैं जहांगीर लोन?

जहांगीर लोन कश्मीर में स्थानीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी हैं। वह बारामूला से जुड़े हैं और जम्मू-कश्मीर के लिए घरेलू टी20 क्रिकेट भी खेल चुके हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के लिए चार टी20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उनके नाम 35 रन और गेंदबाजी में दो विकेट दर्ज हैं। वह स्थानीय क्रिकेट सर्किट में भी सक्रिय रहे हैं।

स्थानीय क्रिकेट में खिलाड़ियों के व्यवहार पर सवाल

इस घटना ने स्थानीय क्रिकेट टूर्नामेंटों में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। रेड प्रीमियर लीग जैसे मुकाबलों में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचते हैं। ऐसे में आयोजकों की जिम्मेदारी होती है कि खिलाड़ियों और दर्शकों के बीच विवाद की स्थिति पैदा होने पर उसे नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था हो। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ और अब विवाद के बाद बवाल मचा हुआ है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें