'PM मोदी के पास यूक्रेन युद्ध खत्म करने के अच्छे आइडिया', पुतिन ने भारतीय प्रधानमंत्री की जमकर की तारीफ, बताया निष्पक्ष

Updated on 02-10-2026
मॉस्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की तारीफ की है। रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि पीएम मोदी के पास यूक्रेन मामले में आपसी सहमति वाले हल के लिए बहुत अच्छे विचार हैं। पुतिन ने कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री आपसी सहमति वाले समाधान के लिए सक्रिय रूप से कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बातचीत के जरिए संघर्ष को सुलझाने के प्रयास और लगातार समर्थन के लिए पीएम मोदी का शुक्रिया भी अदा किया।

पुतिन ने की पीएम मोदी की तारीफ

एक सत्र के दौरान भारत को लेकर पूछे जाने वाले सवाल पर पुतिन ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन विश्व नेताओं में से एक हैं, जो हमारे बहुत अच्छे और दोस्ताना रिश्तों और व्यक्तिगत अच्छे संबंधों के बावजूद, लगाातार यूक्रेन में संघर्ष को खत्म करना का सवाल उठाते हैं और इस बारे में पूछते हैं।उनकी गहरी दिलचस्पी है और उनके पास आपसी सहमति वाले समाधान खोजने के लिए बहुत अच्छे विचार हैं।"
पुतिन ने आगे कहा, "स्वाभाविक रूप से प्रधानमंत्री निष्पक्ष रुख अपनाते हैं, लेकिन संघर्ष को खत्म करने में उनकी दिलचस्पी है। मुझे लगता है कि यह सीधे तौर पर कहना मेरा कर्तव्य है और हम प्रधानमंत्री के विचारों के लिए उनके आभारी हैं।"

भारतीय संस्कृति को बताया मिसाल

राष्ट्रपति पुतिन ने इसी कार्यक्रम में भारत में विविधता की एकता की तारीफ की। उन्होंने कहा, "भारत अपने पैमाने और विविधता से हर किसी को हैरान कर देता है। ज्यादातर लोग अपनी-अपनी भाषाएं बोलते हैं और वे सब मिल-जुलकर रहते हैं। यह अद्भुत है। भारतीय संस्कृति में ऐसा कुछ है, जो एक मिसाल बन सकती है।"

पीएम मोदी ने की है शांति की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बार-बार शांति की अपील की है और कहा है कि यह युग युद्ध का नहीं है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि भारत ने रूस-यूक्रेन संघर्ष पर सैद्धांतिक और मानवीय दृष्टिकोण बनाए रखा है। पीएम मोदी ने अगस्त में जापानी अखबार योमिउरी शिंबुन के साथ एक साक्षात्कार में ये बातें कही थीं।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें