साउथ सिनेमा के चर्चित कपल रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने सोशल मीडिया ट्रोलिंग और कथित भ्रामक कंटेंट के खिलाफ हैदराबाद साइबर क्राइम अधिकारियों से शिकायत की है। हाल ही में कॉफी विद करण 9 में दोनों के बयानों के बाद उनके रिश्ते पर ऑनलाइन बहस छिड़ गई थी। रश्मिका ने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए कहा कि मुश्किल वक्त में सोशल मीडिया पर सलाह देने वाले लोग उनके साथ नहीं थे, बल्कि विजय ने उनका साथ दिया। वहीं, विजय ने पत्नी का समर्थन करते हुए आलोचकों को दो टूक जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि पूरी दुनिया उनके खिलाफ हो, तब भी वे दोनों साथ हैं।
क्या है पूरा मामला?
रश्मिका और विजय की निजी जिंदगी पर सोशल मीडिया में शुरू हुई बहस अब साइबर क्राइम शिकायत तक पहुंच गई है। दोनों की टीम ने हैदराबाद साइबर क्राइम अधिकारियों के सामने शिकायत दर्ज कर कथित भ्रामक और मनगढ़ंत कंटेंट फैलाने वालों के खिलाफ जांच की मांग की है।
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, शिकायत में फर्जी कंटेंट, एडिट किए गए स्क्रीनशॉट, किसी और की पहचान से पोस्ट करने और सोशल मीडिया पर सुनियोजित उत्पीड़न के मामले उठाए गए हैं। टीम ने संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट और डिजिटल पब्लिकेशन के लिंक सहित सबूत भी अधिकारियों को सौंपे हैं।
टीम का कहना है कि अभिव्यक्ति की आजादी और आलोचना का सम्मान होना चाहिए, लेकिन मनगढ़ंत दावों को तथ्य बताकर फैलाना अलग बात है। शिकायत का उद्देश्य वास्तविक आलोचना रोकना नहीं, बल्कि कथित झूठी जानकारी और गैरकानूनी ऑनलाइन गतिविधियों के लिए जवाबदेही तय कराना है। हालांकि, शिकायत दर्ज होने से आरोप साबित नहीं होते।
रश्मिका बोलीं- मुश्किल वक्त में विजय मेरे साथ थे
विवाद के बीच रश्मिका मंदाना ने सोशल मीडिया पर लंबा नोट लिखकर अपने रिश्ते का बचाव किया। उन्होंने कहा कि वह आमतौर पर सोशल मीडिया की बहसों पर प्रतिक्रिया नहीं देतीं, क्योंकि हर व्यक्ति को अपनी राय रखने का अधिकार है। लेकिन इस बार उन्हें अपने और विजय के रिश्ते पर हो रही चर्चा ऐसी भीड़ जैसी लगी, जो किसी को निशाना बनाने के लिए तैयार है।
रश्मिका ने कहा कि लोग उनकी बातचीत का असली मतलब समझने के बजाय कुछ बातों के आधार पर अपने हिसाब से निष्कर्ष निकाल रहे हैं। उन्होंने उन लोगों को भी जवाब दिया, जो उन्हें विजय से अलग होने या रिश्ते पर दोबारा विचार करने की सलाह दे रहे थे।
एक्ट्रेस ने लिखा कि वह अपने पति के प्यार में डूबी हैं और इसमें गलत क्या है। उनके मुताबिक, विजय उनके जीवनसाथी, दोस्त और उनके बच्चों के पिता बनने वाले व्यक्ति हैं। वह उनके साथ पूरी जिंदगी बिताना चाहती हैं।
रश्मिका ने कहा कि जब उनकी जिंदगी में मुश्किल दौर चल रहा था, तब सोशल मीडिया पर सलाह देने वाले लोग उनके साथ नहीं थे। उस वक्त विजय ने उनका साथ दिया था और आज भी वह उनके साथ खड़े हैं।
उन्होंने साफ किया कि शादी के बाद वह पहले से ज्यादा खुश हैं। उनके मुताबिक, किसी रिश्ते की सच्चाई सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, एडिट या लोगों की बनाई कहानियों से नहीं समझी जा सकती।