'शेरों की तरह दहाड़े', इधर आरसीबी ने मारी IPL प्लेऑफ में एंट्री, उधर विजय माल्या की पोस्ट पर ऐसे रिएक्शन
Updated on
18-05-2026
नई दिल्ली: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने सीजन के अपने 13वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को हराया। 9 जीत के साथ टीम के 18 पॉइंट हो गए हैं। आरसीबी का नेट रन रेट भी सभी टीमों से बेहतर है। ऐसे में टीम का टॉप-2 में रहना भी लगभग फिक्स दिख रहा है।
विजय माल्या ने आरसीबी को बधाई दी
आरसीबी को प्लेऑफ में पहुंचने के बाद भगोड़े बिजनेसमैन विजय माल्या ने बधाई दी है। माल्या ने ही 2008 में फ्रेंचाइजी को खरीदा था और वह टीम के पूर्व ओनर हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'आरसीबी, आरसीबी, आरसीबी, हमारे बड़े शेर! आज आपने हम सभी को बेहद गौरवान्वित किया है। आप क्वालिफाई करने वाली पहली टीम बन गए हैं। आपने बोल्ड अंदाज में खेला और बेंगलुरु के शेरों की तरह और भी जोर से दहाड़ा। बहुत बढ़िया और आपको ढेर सारी बधाई। आईपीएल की बेस्ट टीम, अब बस आगे ही बढ़ते रहना है!'
विजय माल्या के इस पोस्ट पर खूब कमेंट भी आ रहे हैं। बेंगलुरु की फ्रेंचाइजी को खरीदकर आरसीबी टीम बनाने के लिए लोग उनका धन्यवाद भी कर रहे हैं।
आरसीबी लगातार तीसरी बार प्लेऑफ में
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लगातार तीसरी बार प्लेऑफ में जगह पक्की की है। 2020 सीजन से टीम सिर्फ एक बार ही 2023 में ग्रुप राउंड से बाहर हुई थी। इसके अलावा 6 बार प्लेऑफ तक का सफर तय किया है। शुरुआती 12 सीजन में टीम 5 बार ही प्लेऑफ में पहुंची थी। 2019 में तो टीम पॉइंट्स टेबल में आखिरी नंबर पर थी।
आरसीबी को ग्रुप राउंड में अभी एक और मुकाबला खेलना है। 22 मई को टीम की टक्कर सनराइजर्स हैदराबाद से है। 26 मई से प्लेऑफ की शुरुआत होगी जबकि 31 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल खेला जाएगा।