टाटा ग्रुप की कंपनियों की टाटा संस में है 12.9% हिस्सेदारी, लिस्टिंग से किसे होगा सबसे ज्यादा फायदा?
Updated on
14-09-2026
नई दिल्ली: टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस की लिस्टिंग को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। कंपनी ने कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी (CIC) के तौर पर अपना रजिस्ट्रेशन रद्द करने की अर्जी आरबीआई को दी थी। लेकिन केंद्रीय बैंक ने इसे खारिज कर दिया है। माना जा रहा है कि आईपीओ के लिए टाटा संस की वैल्यूएशन 9 से 12.5 लाख करोड़ रुपये तक रह सकती है। कंपनी की लिस्टिंग से टाटा स्टील, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (TMPV) और टाटा केमिकल्स के शेयरों को फायदा हो सकता है।टाटा ग्रुप की इन तीनों लिस्टेड कंपनियों की टाटा संस में लगभग 2.5-3% हिस्सेदारी है। टाटा केमिकल्स की टाटा संस में 2.53% हिस्सेदारी है। टाटा संस की लगभग 12 लाख करोड़ रुपये की वैल्यूएशन के आधार पर इसकी कीमत लगभग 30,000 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसकी तुलना में टाटा केमिकल्स का मार्केट कैप पिछले बंद भाव पर लगभग 15,594 करोड़ रुपये है।किसे होगा फायदा?
इसी तरह टाटा स्टील और TMPV, दोनों की टाटा संस में लगभग 3.06% हिस्सेदारी है। इनकी हिस्सेदारी की कीमत लगभग 36,348 करोड़ रुपये आंकी गई है। टाटा ग्रुप की अन्य लिस्टेड कंपनियों इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड और टाटा पावर कंपनी लिमिटेड की भी टाटा संस में लगभग 0.43% से 1.65% तक हिस्सेदारी है।
इस तरह टाटा संस की लगभग 12 लाख करोड़ रुपये की अनुमानित वैल्यूएशन के आधार पर टाटा ग्रुप की छह लिस्टेड कंपनियों के पास टाटा संस के लगभग 1.4 लाख करोड़ रुपये के शेयर हैं। गणेश चतुर्थी के कारण आज शेयर बाजार में छुट्टी है। इसलिए नए घटनाक्रम से इन कंपनियों के शेयरों पर मंगलवार को असर दिख सकता है।
किसकी कितनी हिस्सेदारी?
टाटा संस की कुल 12.9% हिस्सेदारी टाटा ग्रुप की कंपनियों के पास है। टाटा ट्रस्ट्स के पास सबसे ज्यादा करीब 66% हिस्सेदारी है। इनमें सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के पास 28%, सर रतन टाटा ट्रस्ट के पास 24% और बाकी ट्रस्ट्स के पास 14% हिस्सेदारी है। एसपी ग्रुप के पास 18.4% हिस्सेदारी है जबकि अन्य के पास 2.7% हिस्सेदारी है।
अन्य महत्वपुर्ण खबरें