नई दिल्ली: मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स की आज शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री हुई। लिस्ट होते ही यह देश की दूसरी मोस्ट वैल्यूएबल कंपनी बन गई। इसका मार्केट कैप 12.50 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। इससे आगे केवल इसकी पैरेंट कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है। इसका मार्केट कैप 15.95 लाख करोड़ रुपये है।जियो का शेयर 21.36 फीसदी तेजी के साथ बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हुआ। इसका इश्यू प्राइस 1,119 रुपये था और यह 1,359 रुपये पर लिस्ट हुआ। जियो का आईपीओ देश का सबसे बड़ा इश्यू था और यह खुलते ही 100 मिनट में फुली सब्सक्राइब हुआ था।जियो ने लिस्ट होते ही कई दिग्गज कंपनियों को पीछे छोड़ दिया। भारती एयरटेल अब 11.86 लाख करोड़ रुपये के साथ तीसरे नंबर पर खिसक गई है। एचडीएफसी बैंक 10.41 लाख करोड़ रुपये के साथ देश की चौथी मोस्ट वैल्यूएबल कंपनी है। आईसीआईसीआई बैंक (9.85 लाख करोड़ रुपये) इस लिस्ट में पांचवें, एसबीआई (8.78 लाख करोड़ रुपये) छठे, टीसीएस (8.76 लाख करोड़ रुपये) सातवें, बजाज फाइनेंस (5.64 लाख करोड़ रुपये) आठवें, लार्सन एंड टुब्रो (5.37 लाख करोड़ रुपये) नौवें और एलआईसी (4.88 लाख करोड़ रुपये) दसवें नंबर पर है।जियो के नाम कई रिकॉर्ड
जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ भारत के कैपिटल मार्केट के इतिहास का सबसे बड़ा इश्यू था। इसका इश्यू साइज लगभग 30,200 करोड़ रुपये था। यह खुलने के 100 मिनट के भीतर ही पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था। तीसरे दिन की समाप्ति पर इसे कुल 22.2 गुना बोलियां मिलीं। इस इश्यू को करीब 1.4 करोड़ आवेदन मिले जो दुनिया में सबसे अधिक है।इतना ही नहीं जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ के समय $100 अरब से अधिक की इक्विटी वैल्यूएशन हासिल करने वाली दुनिया की चौथी कंपनी है। अब तक मार्क जकरबर्ग की मेटा, चीन की अलीबाबा और एलन मस्क की स्पेसएक्स को ही यह मुकाम हासिल हुआ था। ऑफर प्राइस के हिसाब से इसकी वैल्यूएशन करीब 109 अरब डॉलर आंकी गई। लिस्टिंग के बाद यह देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी और दूसरी मोस्ट वैल्यूएबल कंपनी बन गई।
रिलायंस के शेयरों में गिरावट
इस बीच शेयर मार्केट में गिरावट आई है। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 900 अंक तक गिरा। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में दो फीसदी गिरावट आई। पिछले सत्र में कंपनी का शेयर 1,200 रुपये पर बंद हुआ था और आज 1,195.50 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 1,173.20 रुपये तक लो और 1204 रुपये तक हाई गया। इसका 52 हफ्ते का हाई 1,611.20 रुपये है।