कृषि विभाग ने सगरा और रापा के किसानों को वितरण किया निःशुल्क उन्नत बीज

Updated on 19-07-2026

एमसीबी। किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ने, दलहन एवं तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देने तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा विकासखंड भरतपुर के ग्राम पंचायत सगरा एवं रापा में विशेष बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आत्मनिर्भर दलहन योजना एवं जैविक खेती मिशन के अंतर्गत पात्र किसानों को उड़द, अरहर, तिल एवं जीराफूल धान के गुणवत्तायुक्त बीज निःशुल्क वितरित किए गए।

ग्राम पंचायत सगरा में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्नत किस्म के बीजों का वितरण किया गया। कृषि अधिकारियों ने किसानों को बताया कि गुणवत्तायुक्त बीजों के उपयोग से उत्पादन में वृद्धि होगी, खेती की लागत कम होगी तथा किसानों की आय में भी सकारात्मक बढ़ोतरी होगी। साथ ही जैविक खेती को अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित किया गया, जिससे भूमि की उर्वरता बनी रहे और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिले।

इसी प्रकार ग्राम पंचायत रापा में भी बड़ी संख्या में किसानों को अरहर, उड़द, तिल एवं जीराफूल धान के बीज निःशुल्क वितरित किए गए। इस अवसर पर किसानों को कृषक उन्नति योजना तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए फसल बीमा कराने, प्राकृतिक आपदाओं से फसल सुरक्षा तथा शासन द्वारा संचालित कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से खरीफ फसलों की तैयारी, बीज उपचार, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक खेती, जल संरक्षण तथा आधुनिक कृषि तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की। किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सके।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सगरा एवं रापा के सरपंच, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों ने निःशुल्क बीज वितरण एवं कृषि योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें खरीफ सीजन की खेती के लिए समय पर गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध हुए हैं और शासन की योजनाओं का सीधा लाभ भी मिल रहा है।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें