घर-घर पहुंच रही शासन की जनकल्याणकारी नीतियां

Updated on 24-08-2026

सुकमा। छत्तीसगढ़ शासन की जनहितैषी नीतियां दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव की नई इबारत लिख रही हैं। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और परिवारों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में मील का पत्थर साबित हो रही है। छिंदगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत कूकानार निवासी श्रीमती भूरी देवी के जीवन में आया बदलाव इस योजना की जमीनी सफलता और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

   महतारी वंदन योजना के तहत बैंक खाते में प्रतिमाह प्राप्त होने वाली आर्थिक सहायता से भूरी देवी अपने परिवार के बजट को बेहतर ढंग से व्यवस्थित कर पा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस नियमित राशि से बच्चों के उत्तम खान-पान, पोषण और आवश्यक घरेलू जरूरतों की पूर्ति आसान हो गई है। यह राशि न केवल वर्तमान आर्थिक चुनौतियों से उबारने का जरिया बनी है, बल्कि उनकी बेटी के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए नियमित बचत का मजबूत आधार भी तैयार कर रही है।

   सीधे खाते में राशि अंतरण की पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था से महिलाओं में गजब का आर्थिक आत्मविश्वास जागा है। भूरी देवी ने बताया कि अब वे अपने परिवार और बच्चों के हित में स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने में सक्षम महसूस करती हैं। इस जनकल्याणकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि शासन की यह सहायता ग्रामीण परिवारों को आर्थिक संबल और सामाजिक सुरक्षा देने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रही है।

   प्रशासन की संवेदनशीलता का उदाहरण तब और स्पष्ट हुआ जब स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर पहुंचकर भूरी देवी का वय वंदन आयुष्मान कार्ड भी तैयार किया। वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख रूपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा देने वाली इस योजना ने परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच प्रदान किया है। इस प्रकार, महतारी वंदन योजना और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी कल्याणकारी नीतियां मिलकर ग्रामीण अंचल में महिला सशक्तिकरण और परिवार कल्याण का एक नया अध्याय लिख रही हैं।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें