रेत विवाद में तिहरा हत्याकांड, कोरिया में धारा 163 लागू

Updated on 18-06-2026

कोरिया, कोरिया जिले में रेत विवाद को लेकर हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। बीजेपी नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की हत्या से क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने बैकुंठपुर के महलपारा, नौगई और कटगोड़ी स्थित क्रशर प्लांट क्षेत्र में धारा 163 बीएनएसएस लागू कर दी है।

कार में जिंदा जलाए गए बीजेपी नेता
घटना 16 जून की रात सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव की है। जानकारी के अनुसार, बीजेपी नेता भरत सिंह अपने साथियों के साथ गांव पहुंचे थे, जहां रेत कारोबार को लेकर पहले से चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कहासुनी के बाद विरोधी पक्ष ने उनकी फॉर्च्यूनर वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

हमले में घायल हुए नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इस तिहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में आक्रोश और भय का माहौल है।

प्रशासन ने लागू की धारा 163
कलेक्टर रोक्तिमा यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, चिन्हित क्षेत्रों में किसी भी व्यक्ति, संगठन, राजनीतिक दल या कर्मचारी संघ को हथियारों के साथ जुलूस, धरना, प्रदर्शन या आमसभा करने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही भड़काऊ नारेबाजी, पोस्टर वितरण और अन्य गतिविधियों पर भी रोक लगा दी गई है।

हालांकि यह आदेश उन शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा, जिन्हें अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए हथियार या लाठी रखने की आवश्यकता होती है।

रेत कारोबार को लेकर रंजिश
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्र में रेत कारोबार को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। हाल ही में भरत सिंह गहरवार के परिवार को एक रेत घाट का सरकारी ठेका मिलने के बाद तनाव और बढ़ गया था। बताया जा रहा है कि नौगई निवासी मनोज त्रिपाठी और उसके समर्थक इस बात से नाराज थे।

आरोप है कि अवैध रेत कारोबार और वसूली को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से टकराव चल रहा था, जो मंगलवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया।

पुलिस बल तैनात, जांच जारी

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस ने मामले में हत्या, आगजनी और अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस तिहरे हत्याकांड ने एक बार फिर अवैध रेत कारोबार और उससे जुड़े अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें