शासकीय योजनाओं से संवर रही वर्षा यादव की जिंदगी

Updated on 19-09-2026

कोरबा। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें आजीविका से जोड़ने के प्रयासों से परिवारों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार हो रहा है। ग्राम बिर्रा, विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा की श्रीमती वर्षा यादव भी इन योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आजीविका को मजबूत कर रही हैं। बिहान योजना के अंतर्गत कैलाश स्व सहायता समूह से जुड़कर उन्होंने आर्थिक गतिविधि की शुरुआत की। समूह के माध्यम से मिले सीआईएफ फंड और बैंक ऋण की सहायता से आज वे किराना दुकान का संचालन कर रही हैं। नियमित आय के इस साधन से परिवार की जरूरतों को पूरा करने में उन्हें सहयोग मिल रहा है और वे आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं।

श्रीमती वर्षा यादव बताती हैं कि स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें अपनी क्षमता के अनुसार काम शुरू करने का अवसर मिला। सीआईएफ फंड से मिली सहायता और बैंक लोन के माध्यम से किराना दुकान शुरू की। दुकान से होने वाली आमदनी उनके परिवार के लिए उपयोगी सहारा बनी है। वे कहती हैं, “समूह से जुड़ने के बाद मुझे आगे बढ़ने का अवसर मिला। सीआईएफ फंड और बैंक लोन की मदद से किराना दुकान शुरू की। अब दुकान से हर माह 15 हजार से अधिक की आमदनी होती है और मैं परिवार की जरूरतों को पूरा करने में अपना योगदान दे पा रही हूं। अपने पैरों पर खड़े होकर काम करने से आत्मविश्वास भी बढ़ा है।”

शासन की उज्ज्वला योजना से मिले गैस कनेक्शन ने उनके घरेलू जीवन को भी सुविधाजनक बनाया है। पहले भोजन तैयार करने के लिए लकड़ी एकत्र करनी पड़ती थी और चूल्हे के धुएं के बीच खाना बनाना पड़ता था। अब गैस चूल्हे से कम समय में भोजन तैयार हो जाता है। लकड़ी जुटाने में लगने वाला समय बचने से वे अपनी दुकान और परिवार से जुड़े अन्य कार्यों के लिए समय निकाल पाती हैं। श्रीमती वर्षा कहती हैं, “उज्ज्वला गैस मिलने से घर का काम बहुत आसान हो गया है। अब लकड़ी लेने जाने की जरूरत नहीं पड़ती और धुएं से भी राहत मिली है। जल्दी खाना बन जाता है, जिससे समय की बचत होती है।”

आज श्रीमती वर्षा यादव अपनी किराना दुकान के माध्यम से आय अर्जित कर रही हैं और परिवार की आर्थिक जरूरतों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। बिहान के स्व सहायता समूह से मिली आर्थिक गतिविधि की राह और उज्ज्वला योजना से मिली घरेलू सुविधा ने उनके दैनिक जीवन को सहज बनाया है। वे प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि शासन की योजनाओं से उन्हें आगे बढ़ने, अपनी आजीविका मजबूत करने और परिवार के लिए बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिला है।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें