पाकिस्तान के साथ इससे ज्यादा बुरा क्या होगा? इंग्लैंड के दिग्गज ने कहा- वो एक घटिया टीम है, 3-0 से हारेगी

Updated on 20-08-2026
लीड्स: हेडिंग्ले में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज के पहले मैच को लेकर बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। पूर्व इंग्लिश तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने इस सीरीज में इंग्लैंड के दबदबे की वकालत करते हुए मेजबान टीम की एकतरफा जीत का दावा ठोका है। उनका मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में इंग्लैंड के सामने पाकिस्तान टिक नहीं पाएगा और उनकी टीम इस सीरीज में एक भी मैच नहीं गंवाएगी।

स्टुअर्ट ब्रॉड ने कर दी फजीहत

पाकिस्तान की मुश्किलें सीरीज शुरू होने से पहले ही बढ़ चुकी हैं। बेकनहम में खेले गए अभ्यास मैच के दौरान पाकिस्तान के नियमित कप्तान बाबर आजम के सीधे हाथ में चोट लग गई थी जिसके चलते उन्हें पहले टेस्ट से बाहर होना पड़ा है। बाबर की गैरमौजूदगी में सलमान आगा को पहली बार टेस्ट टीम की कप्तानी संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
स्टुअर्ट ब्रॉड ने एक पॉडकास्ट पर दोनों टीमों की ताकत का आकलन करते हुए पाकिस्तानी टीम के स्तर पर सवाल उठाए। उन्होंने काउंटी क्रिकेट में 300 से ज्यादा विकेट ले चुके 36 वर्षीय अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास की वापसी पर भी कटाक्ष किया। ब्रॉड ने पाकिस्तान टीम की क्षमता को आंकते हुए स्पष्ट लहजे में कहा, 'हां, उनके पास अभी भी बाबर आजम हैं। उनके पास मोहम्मद अब्बास हैं जो टीम में वापस आए हैं और 36 साल के हैं। लेकिन वे एक खराब टीम हैं। वे वास्तव में एक अच्छी टीम नहीं हैं। आप यही सोचेंगे कि इंग्लैंड को यह सीरीज 3-0 से और काफी आसानी से जीतनी चाहिए।'

कैसा रहा है दोनों टीमों का प्रदर्शन?

अगर दोनों टीमों के हालिया आंकड़ों की बात करें तो दोनों का ही हालिया प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की तालिका में इंग्लैंड 7वें और पाकिस्तान 8वें स्थान पर है। इंग्लैंड की टीम पिछले 9 में से 7 टेस्ट गंवा चुकी है, वहीं पाकिस्तान ने भी 2024 के अंत से कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीती है। हालांकि उन्होंने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ कैरेबियाई धरती पर सीरीज 1-1 से ड्रा खेली थी।

पाकिस्तान पर इंग्लैंड की टीम भारी

घरेलू परिस्थितियों में इंग्लैंड का पलड़ा हमेशा भारी रहता है। पाकिस्तान ने पिछले तीन दशकों से (1996 के बाद से) इंग्लैंड में कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीती है। हालांकि, इंग्लैंड के लिए भी राह पूरी तरह आसान नहीं है। इंग्लैंड 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ उसकी सरजमीं पर मिली 2-1 की हार का हिसाब बराबर करने के लिए बेताब होगा।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें