'उसने क्‍या पहना था, कहां थी?' कृति सेनन ने दिल्‍ली कालकाजी वारदात और जुमई केस पर बिन बोले भी कह दिया बहुत कुछ

Updated on 26-09-2026
बीते महीने रक्षाबंधन के ऐड में कृति सेनन के कपड़ों पर हुआ विवाद तो आपको याद होगा ही। तब समाज की सोच पर दो टूक बात करने वाली कृति सेनन अब एक बार फिर चर्चा में हैं। बिहार के जुमई, समस्‍तीपुर, बांका और यूपी के बदायूं में लड़क‍ियों से छेड़छाड़ और मॉरल पुलिसिंग पर अब 36 साल की एक्‍ट्रेस ने तीखा प्रहार किया है। कृति ने इंस्‍टाग्राम पर पितृसत्ता, महिलाओं के प्रति नफरत और महिलाओं की पसंद पर होने वाली आलोचना से जुड़ी एक स्टोरी री-शेयर की है। यही नहीं, उन्होंने एक अन्‍य पोस्ट को भी लाइक किया, जिसमें महिलाओं के खिलाफ हिंसा और सेलिब्रिटीज के कपड़ों पर होने वाली आलोचना के बीच फर्क पर सवाल उठाया गया था।

सोशल मीडिया पर कृति सेनन की यह चहलकदमी ऐसे वक्‍त में भी है, जब दिल्‍ली में कालकाजी मंदिर के पास रेप की वारदात से हर कोई सन्‍न है। एक्‍ट्रेस ने अपनी तरफ से इंस्‍टा स्‍टोरी पर कुछ नहीं लिखा, लेकिन उनकी यह स्‍टोरी और पोस्‍ट-लाइक चर्चा में है। रक्षाबंधन ऐड पर हुई आलोचना पर भी कृति ने दो टूक शब्‍दों में सवाल उठाने वालों को करारा जवाब दिया था। हालांकि, बाद में ब्रांड ने वह ऐड हटा लिया। लेकिन कृति अपने स्‍टैंड पर कायम रहीं।

पितृसत्ता पर कृति सेनन ने किया पोस्ट री-शेयर

कृति ने सोशल मीडिया पर एक ऐसी पोस्ट री-शेयर की है, जिसमें महिलाओं और पुरुषों के बीच की लड़ाई वाली सोच को खारिज किया गया है। पोस्ट में लिखा था, 'दोस्तों, यह पुरुषों बनाम महिलाओं की लड़ाई नहीं है। यह महिलाओं बनाम पितृसत्तात्मक, महिलाओं से नफरत करने वाले पुरुषों और उन महिलाओं की लड़ाई है जिनका ब्रेनवॉश हो चुका है और जो पितृसत्ता को एक संस्कार मानती हैं।'

महिलाओं को सावधान करने के बजाय पुरुषों को सिखाने की बात

कृति ने एक दूसरी स्टोरी भी री-शेयर की, जिसमें महिलाओं को हर समय सावधान रहने की सलाह देने के बजाय पुरुषों को अपने व्यवहार की जिम्मेदारी सिखाने की बात कही गई थी। स्टोरी में लिखा था, 'हम कब महिलाओं को यह सिखाना बंद करेंगे कि वे हमले का शिकार होने से कैसे बचें और पुरुषों को यह सिखाना शुरू करेंगे कि वे महिलाओं पर हमला न करें, उन्हें परेशान न करें, डराएं-धमकाएं नहीं या उन पर अपना कंट्रोल न जमाएं? जब किसी नाबालिग लड़की का रेप होता है, तो यह पूछने के बजाय कि आखिर किस तरह का इंसान किसी बच्चे के साथ ऐसा कर सकता है? हम आज भी लोगों को यह पूछते हुए पाते हैं कि उसने क्या पहना था, वह कहां थी, किसके साथ थी, वह बाहर क्यों गई थी या उसका परिवार उसे क्या करने दे रहा था।'

महिलाओं को दोष देने वाली सोच पर सवाल

री-शेयर की गई इस पोस्ट में आगे कहा गया, 'हमें महिलाओं को ज्यादा सावधान रहने की सलाह देने वाले और लेक्चर की जरूरत नहीं है। हमें ऐसे पुरुष तैयार करने की जरूरत है जिन्हें ठीक से व्यवहार करने के लिए महिलाओं पर कंट्रोल करने की जरूरत न पड़े। लड़कों को सिखाएं। पुरुषों को सिखाएं। सहमति के बारे में सिखाएं। सम्मान करना सिखाएं। जिम्मेदारी लेना सिखाएं। और जो पुरुष सीखना नहीं चाहते, उनके व्यवहार के लिए महिलाओं को जिम्मेदार ठहराना बंद करें।'

महिलाओं के खिलाफ हिंसा पर उठाया सवाल

कृति ने एक दूसरी पोस्ट को भी लाइक किया, जिसमें महिलाओं के खिलाफ हिंसा और महिला सेलिब्रिटीज के कपड़ों को लेकर होने वाली आलोचना के बीच अंतर पर सवाल उठाया गया था। इंस्टाग्राम यूजर 'सरकास्टिक मोहतरमा' की पोस्ट में लिखा था, 'यह बात कि इस देश में रेप, घरेलू हिंसा और दहेज के कारण होने वाली मौतों पर उतना आक्रोश नहीं होता जितना किसी एक्ट्रेस के त्योहारों वाले विज्ञापन में क्लीवेज दिखाने पर होता है, हमारी प्राथमिकताओं के बारे में बहुत कुछ बताती है।'

जमुई मामले के बीच आया कृति का पोस्ट

कृति की यह सोशल मीडिया गतिविधि बिहार के जमुई में 19 सितंबर को हुई एक घटना के बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चल रही चर्चा के बीच सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, एक 10वीं क्लास की छात्रा और उसके पुरुष सहपाठी को कुछ लोगों ने रोका था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले में पुलिस ने कार्रवाई की और तीन लोगों की गिरफ्तारी की गई। हालांकि, कृति ने सीधे तौर पर इस घटना की बात नहीं की लेकिन लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि उनका ये गुस्सा इस घटना से जुड़ा है।

रक्षाबंधन ऐड से शुरू हुआ था विवाद

ये आलोचना का सिलसिला तब शुरू हुआ जब रक्षाबंधन के मौके पर ज्वैलरी ब्रांड के एक ऐड में कृति सेनन नजर आई थीं। कैंपेन में कृति ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट पहने दिखी थीं। विज्ञापन में वह अपने पेट डॉग को राखी बांधती भी नजर आई थीं। उनके आउटफिट को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने सवाल उठाए और इसे रक्षाबंधन जैसे त्योहार के लिए सही नहीं बताया।

कपड़ों को लेकर हुई आलोचना

कृति का रक्षाबंधन ऐड चर्चा में आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो थी। कुछ लोगों ने उनके कपड़ों को लेकर आपत्ति जताई, जबकि दूसरी तरफ महिलाओं की अपनी पसंद और पहनावे को लेकर भी सवाल उठे। विवाद में कंगना रनौत भी शामिल हुईं और उन्होंने कृति के आउटफिट पर सवाल उठाए। इसके बाद यह मामला सिर्फ एक ऐड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि त्योहार, संस्कृति और महिलाओं के कपड़ों को लेकर बड़ी बहस में बदल गया।

कृति ने दिया था करारा जवाब

आलोचना के बाद कृति ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने सवाल किया था कि महिलाओं को यह बताना कब बंद किया जाएगा कि उन्हें क्या पहनना चाहिए। कृति ने लिखा था, 'साथ ही, हम महिलाओं को यह बताना कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए? एथनिक फ़ैशन में समय के साथ काफी बदलाव आया है, फिर भी आज भी एक महिला के कपड़ों से ही उसकी संस्कृति के प्रति सम्मान को मापा जाता है। संस्कृति और परंपराएं उसके दिल में बसती हैं, न कि उसके कपड़ों की नेकलाइन में!'

ब्रांड ने वापस लिया विज्ञापन

विवाद बढ़ने के बाद ज्वैलरी ब्रांड ने अपने रक्षाबंधन ऐड को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म्स से वापस ले लिया। ब्रांड ने कहा था कि उसका भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के प्रति पूरा सम्मान है और अगर विज्ञापन से समाज के किसी हिस्से की भावनाएं आहत हुई हैं तो यह उसका इरादा नहीं था।

अबीगैल पांडे ने भी रखी अपनी बात

टीवी एक्ट्रेस अबीगैल पांडे ने भी कृति के रक्षाबंधन ऐड से जुड़े विवाद का हवाला देते हुए महिलाओं की सुरक्षा और कपड़ों को लेकर होने वाली बहस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, 'हमारे देश में इतने सारे रेप हो रहे हैं, फिर भी कृति सेनन के विज्ञापन वाले आउटफिट पर जितना गुस्सा दिखा, उसका आधा भी इन घटनाओं पर नहीं दिखा। या फिर क्या महिलाओं को यह बताना आसान है कि उन्हें क्या पहनना चाहिए, बजाय पुरुषों को यह कहने के कि वे खुद पर काबू रखें?'

ऐड से आगे बढ़, संस्कृति और पितृसत्ता तक पहुंच गई है बहस

कृति के रक्षाबंधन ऐड से शुरू हुआ विवाद अब महिलाओं के कपड़ों, संस्कृति, पितृसत्ता और महिलाओं के खिलाफ हिंसा जैसे बड़े मुद्दों से जुड़ गया है। कृति ने इस पूरे मामले में पहले अपने कपड़ों का बचाव किया था और अब उनकी नई सोशल मीडिया गतिविधि ने एक बार फिर महिलाओं की पसंद और उन पर होने वाली सार्वजनिक आलोचना को चर्चा में ला दिया है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें