विमेंस प्रीमियर लीग का मिनी ऑक्शन आज:146 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली, यूपी वॉरियर्स के पास सबसे ज्यादा पैसा; 6 प्लेयर्स, जिनपर रहेगी नजरें

Updated on 28-10-2026

विमेंस प्रीमियर लीग के पांचवें सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी आज कोच्चि में होगी। ऑक्शन शाम 5:30 बजे शुरू होगा।

इस मिनी ऑक्शन में 146 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। इनमें से 27 खिलाड़ी खरीदे जा सकते हैं। विदेशी खिलाड़ियों के लिए सिर्फ 7 स्लॉट खाली हैं।

नीलामी से पहले यूपी वॉरियर्स के पास सबसे ज्यादा 3.75 करोड़ रुपए बचे हैं। वहीं, मुंबई इंडियंस के पास सबसे कम 90 लाख रुपए हैं। खबर में जानिए ऑक्शन के नियम और 6 ऐसे खिलाड़ियों के बारे में जो महंगे बिक सकते हैं।

मिनी ऑक्शन 2027 की मुख्य बातें

  • WPL की हर टीम में अधिकतम 18 खिलाड़ी हो सकते हैं, जिनमें 6 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।
  • यह नीलामी मिनी ऑक्शन है, इसलिए टीमों को राइट टू मैच (RTM) कार्ड का इस्तेमाल करने का मौका नहीं मिलेगा।
  • पांचों टीमों ने नीलामी से पहले 63 खिलाड़ियों को रिटेन किया है, जिनमें 23 विदेशी खिलाड़ी हैं।
  • सभी फ्रेंचाइजी को अधिकतम 15 करोड़ रुपए खर्च करने की अनुमति है। इसमें टीमों ने जिन प्लेयर को रिटेन किया है, उस पर खर्च किए पैसे शामिल हैं।

मिनी ऑक्शन और मेगा ऑक्शन में अंतर

  • मिनी ऑक्शन में टीमें ज्यादातर खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती हैं। अगर टीम चाहे तो स्क्वॉड के सभी खिलाड़ियों को टीम में रख सकती हैं। हालांकि राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल कर सकती हैं।
  • राइट टू मैच कार्ड को एक उदाहरण से समझते है- मान लें दिल्ली टीम से रिलीज की गई खिलाड़ी को मुंबई की टीम ऑक्शन में सबसे उंची बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल करती हैं, तब दिल्ली अगर चाहे तो इस कार्ड का इस्तेमाल कर उसे अपनी टीम में शामिल कर सकती है। हालांकि उसे खिलाड़ी को उतने ही रुपए पर्स से खर्च करने होंगे, जितनी ऑक्शन में बोली लगी हैं।
  • मेगा ऑक्शन में कोई टीम राइट मैच कार्ड को मिलाकर मैक्समम 5 प्लेयर रिटेन कर सकती है। फिर बाकी बचे पैसों से उसे 18 खिलाड़ियों का स्क्वॉड पूरा करना होता है। आमतौर पर मेगा ऑक्शन हर 3 साल बाद होता है। पिछला मेगा ऑक्शन WPL 2025 सीजन के लिए हुआ था, तो अगला 2028 सीजन से पहले होगा।

ऑक्शन में इन 6 खिलाड़ियो पर फोकस…

1. सोफी मोलिन्यू (बेस प्राइस: ₹50 लाख)

ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर सोफी मोलिन्यू टी-20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान रही हैं। 2026 में वे ऑस्ट्रेलिया की टॉप टी-20 इंटरनेशनल विकेट टेकर हैं। विमेंस हंड्रेड में उन्होंने 8 मैचों में 128 रन बनाए और 11 विकेट लिए। 2024 में RCB की खिताबी जीत में भी अहम भूमिका निभाई थी।

2. जेस जोनासन (बेस प्राइस: ₹40 लाख)

ऑस्ट्रेलिया की स्पिन ऑलराउंडर जेस जोनासन दिल्ली कैपिटल्स के लिए तीन सीजन खेल चुकी हैं। 2025 में उन्होंने 8 मैचों में 150 रन बनाए और 13 विकेट लिए। WPL में उनके नाम 24 मैचों में 295 रन और 33 विकेट हैं। दिल्ली, गुजरात और यूपी उन्हें खरीदने में दिलचस्पी दिखा सकती हैं।

3. सारा ब्राइस (बेस प्राइस: ₹10 लाख)

स्कॉटलैंड की विकेटकीपर-बल्लेबाज सारा ब्राइस 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल चुकी हैं। 2026 टी-20 वर्ल्ड कप में उन्होंने 5 पारियों में 159 रन बनाए और स्ट्राइक रेट 134 रहा। वे बल्लेबाजी के साथ विकेटकीपिंग का विकल्प भी देती हैं। एसोसिएट देश की खिलाड़ी होने के कारण उन्हें प्लेइंग-11 में पांचवीं विदेशी खिलाड़ी के रूप में शामिल किया जा सकता है।

4. वृंदा दिनेश (बेस प्राइस: ₹10 लाख)

भारतीय बल्लेबाज वृंदा दिनेश यूपी वॉरियर्स के लिए दो सीजन खेल चुकी हैं। विमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में उन्होंने 5 पारियों में 171 रन बनाए। कर्नाटक की लीग ‘महारानी टी-20 ट्रॉफी’ 2026 में भी उन्होंने 7 पारियों में 256 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 192.48 रहा। यूपी और दिल्ली उन्हें खरीदने में दिलचस्पी दिखा सकती है।

5. इरा जाधव (बेस प्राइस: ₹10 लाख)

16 साल की भारतीय बल्लेबाज इरा जाधव ने 2025 में अंडर-19 वनडे ट्रॉफी में मुंबई के लिए मेघालय के खिलाफ 157 गेंदों पर 346 रन बनाए थे। इस साल उन्हें BCCI की बेस्ट जूनियर घरेलू महिला क्रिकेटर चुना गया। मुंबई उन्हें टीम में शामिल कर सकती हैं।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें